तीन दिन के बाद अन्ना हज़ारे जेल से 11 बजे निकलेगें। अन्ना का जुलूस तिहाड़ जेल से दिल्ली कैंट, नारायणा, धौलाकुआं, रिज रोड, शंकर रोड, मंदिर मार्ग, पंचकुइया रोड, आउटर कनाट प्लेस, मिंटो रोड, इंडिया गेट, बहादुरशाह जफर मार्ग, शहीदी पार्क होते हुए राजघाट जाएगा। राजघाट में वह बापू की समाधि के पास बैठकर प्रार्थना करेंगे। इसके बाद मुख्य अनशन स्थल रामलीला मैदान पहुंचेंगे। ऐसे में उम्मीद है कि दोपहर बाद करीब 3 बजे तक अन्ना रामलीला मैदान पहुंचेंगे। पुलिसे ने कहा है कि अन्ना के जाने वाले रास्ते की वीडियोग्राफी करायी जाएगी।रास्ते में अन्ना का स्वागत करने के लिए लोग जुटने शुरू हो गए हैं। अन्ना थोड़ी-थोड़ी देर इन लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान वह अधिक से अधिक लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ इस आंदोलन का महत्व बताएंगे और इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील करेंगे। अन्ना के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन जारी है। आज मुंबई में डिब्बावालों की हड़ताल है। वहीं राजस्थान के उदयपुर में चैंबर्स ऑफ कॉमर्स ने बंद का ऐलान किया है। टीम अन्ना ने समर्थकों से आज शाम से रामलीला मैदान जुटने की अपील की है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर
सुबह से रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। मेन गेट के पास पुलिस ने मेटल डिटेक्टर के साथ ही स्कैनिंग मशीन भी लगा दी। स्निफर डॉग से पूरे मैदान की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने लोगों के मैदान पर आने पर पाबंदी लगा दी। यहां काम कर रहे लोगों के अलावा, अन्ना टीम के सदस्य ही अंदर आ जा रहे थे। सुबह से अन्ना टीम के वॉलेंटियर्स यहां पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि हम हर पल की जानकारी अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा रहे हैं और वह अन्ना को इस बारे में बता रहे हैं।
0 comments