
नालंदा, पोखरपुर गांव की नगीना देवी को गर्म छड़ से दागने का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में राजद अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ धरने पर उतर आया है। प्रकोष्ठ ने शुक्रवार को कारगिल चौक पर धरना दिया। धरना के बाद नेताओं ने पीएमसीएच जाकर पीड़ित महिला से मुलाकात भी की। धरना को संबोधित करते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष डा. रामचन्द्र पूर्वे ने आरोप लगाया कि लोगों का भरोसा नीतीश सरकार से उठ गया है। नालंदा की घटना से बिहार की छवि धूमिल हुई है। सांसद रामकृपाल यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके शासन में अपराधियों का हौसला बुलंद है। अत्यंत पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आजाद गांधी ने कहा कि गरीब तबके से नीतीश सरकार को कोई हमदर्दी नहीं है। बिहारशरीफ में रहने के बाद भी नीतीश कुमार ने पीड़ित महिला से मुलाकात तक नहीं की। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष गुलाम गौस ने प्रशासन पर आरोपियों को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया। धरने को युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार मेहता, सांसद राजनीति प्रसाद, अशोक सिंह समेत राजद के कई अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया।
0 comments