गृह मंत्री पी चिदंबरम ने आज कहा कि भारत में होने वाले आतंकवादी हमलों के पीछे पड़ोसी पाकिस्तान का हाथ है। दिल्ली हाईकोर्ट ब्लास्ट में बड़ी सफलता हाथ लगने का दावा किया जा रहा है। धमाके की जांच में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सूत्रों का कहना है कि बम धमाके की साजिश जम्मू- कश्मीर में रची गई थी। एनआईए को इस मामले में दो लोगों की तलाश है। बताया जा रहा है कि इनमें एक दक्षिण भारत से ताल्लुक रखता है।
धमाके के बाद धमकी भरे ईमेल भेजने के आरोप में जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ से एक और शख्स को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक हिलाल अमीन नाम के इस शख्स पर धमकी भरे ईमेल भेजने का शक है। दिल्ली धमाके के बाद यह ईमेल किश्तवाड़ से भेजा गया था जिसमें हूजी की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।
इससे पहले इस सिलसिले में किश्तवाड़ से ही दो छात्रों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक को दिल्ली लाया गया है। एनआईए सूत्रों का कहना है कि ब्लास्ट की साजिश में 5-7 मॉड्यूल शामिल किए गए थे।
इस बीच, सात सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर हुए धमाके में मारे गए लोगों की संख्या 14 हो गई है। इस धमाके में गंभीर रुप से घायल 34 साल के मृदुल बख्शी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया।
0 comments