एनआईए की टीम ने किश्तवाड़ जिले के मलिक मार्केट में मौजूद ग्लोबल इंटरनेट कैफे पर गुरुवार की सुबह छापा मारा। कैफे के मालिक ख्वाजा महमूद अजीज और उनके भाई खालिद अजीज से पूछताछ की जा रही है। ख्वाजा ने बताया है कि एक 18 साल के लड़के ने यह ईमेल भेजा है। दिल्ली हाई कोर्ट विस्फोट की जांच के सिलसिले में एनआईए की एक टीम लखनऊ जाएगी।
इस बीच, बम धमाके में मरने वालों की तादाद बढ़कर 12 हो गई है। गंभीर रूप से घायल एक शख्स ने आज सुबह दम तोड़ दिया। अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि ईमेल जांच को भटकाने की कोशिश का हिस्सा हो सकता है। सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक हाई कोर्ट के बाहर हुए बम धमाके के आधे घंटे के भीतर इस इलाके से कई फोन कॉल्स खाड़ी देशों में किए गए। दिल्ली पुलिस इनमें से करीब दो दर्जन कॉल्स पर नजर रखी है और इनकी जांच की जा रही है।
एक आशंका यह भी है कि ईमेल धमाके में शामिल संगठन की ओर से नहीं भेजा गया है। वैसे, ईमेल की सच्चाई जानने में मदद के लिए अमेरिका में गूगल मुख्यालय को चिट्ठी लिखी गई है। अब तक की जांच से पता चला है कि जिस आईडी से मेल भेजा गया, वह बुधवार सुबह 7.30 बजे ही बनाई गई थी। इसे ऑटो डिलीट मोड में बनाया गया था, ताकि एक सप्ताह बाद (14 सितंबर को) यह आईडी अपने आप डिलीट हो जाए। आईडी बनाते समय बनाने वाले ने देश के कॉलम में पाकिस्तान भरा था। हालांकि इस बारे में कोई अंतिम नतीजा निकालने से पहले एनआईए की टीम गूगल की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
धमाके के कुछ घंटे बाद ही इसकी जांच एनआईए को सौंप दी गई है। एनआईए ने इसके लिए 20 सदस्यों की टीम बनाई है। इसके महानिदेशक एससी सिन्हा ने बताया कि हूजी के धमाके की जिम्मेदारी लेने के दावे की जांच जारी है। विस्फोट स्थल से बरामद मलबा सीएफएसएल दिल्ली जांच के लिए भेजा गया है। गांधीनगर सीएफएसएल की एक टीम भी जांच में साथ है। सीएफएसल की रिपोर्ट आज आ सकती है।
उधर, दिल्ली पुलिस को जिस संदिग्ध कार की तलाश थी वो फरीदाबाद में बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि इसी कार में आतंकवादी वारदात को अंजाम देने के बाद भागे थे। यह सिल्वर रंग की सैंट्रो कार है, जो 2009 में चोरी हुई थी। ये कार दिल्ली में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के नाम से रजिस्टर है।
28 नवंबर, 2009 को इस कार की चोरी के मामले में दरियागंज थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 26 अगस्त को इसी गाड़ी का चालान कटा था। गाड़ी का नंबर डीएल 9 सीए 6034 और इंजन का नंबर 020269 है। कार का चेसिस नंबर 020362 है।
दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर बुधवार की सुबह हुए शक्तिशाली बम धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई। 76 लोग घायल भी हुए हैं। यह बम एक सूटकेस में रखा गया था। विस्फोट हाईकोर्ट परिसर के बाहर गेट नंबर 4 और 5 के बीच सुबह 10:14 बजे हुआ। तब सैकड़ों लोग व वकील परिसर में प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे थे। संसद का सत्र जारी रहने की वजह से दिल्ली में हाई अलर्ट था। इसके बावजूद विस्फोट हुआ। गृह मंत्रालय ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। देशभर में अलर्ट जारी किया गया है। घायलों में से चार की हालत गंभीर है। घायलों को राम मनोहर लोहिया, एम्स और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर गत 25 मई को भी आतंकियों ने धमाका किया था।
बुधवार को हुए धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लग जाता है कि इसकी चपेट में आए कुछ लोगों के हाथ व पैर धड़ से अलग हो गए। कुछ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। धमाके की गूंज मौके से लगभग दो किमी दूर विजय चौक तक सुनाई दी। विस्फोट से करीब एक फुट गहरा और चार फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। गृहमंत्री पी चिदंबरम ने संसद में एक बयान में इस हमले को आतंकी कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि इस भीषण जुर्म के पीछे जिन लोगों का हाथ है उन्हें कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
धमाके के करीब तीन घंटे बाद हरकत-उल-जिहादी इस्लामी (हूजी) ने कुछ मीडिया समूहों को भेजे ई-मेल में इस हमले को अंजाम देने का दावा किया। ई-मेल के अनुसार अफजल गुरु को फांसी की सजा माफ कराने के लिए यह विस्फोट किया गया। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट उसके निशाने पर हैं। संसद पर हमले के मामले का मुजरिम अफजल फिलहाल जेल में बंद है।
0 comments