GoTvNews
बहराइच। यूपी में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जनसंपर्क अभियान पर निकले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने पिछले दिनों दिए गए अपने भीख मांगने वाले बयान पर पहली बार सफाई दी है। राहुल ने कहा कि वो जब दिल्ली की सड़कों पर भिखारियों से पूछते हैं कि कहां के हो तो जवाब मिलता है यूपी के!राहुल ने कौसरगंज में आयोजित एक सभा में भाषण देते हुए कहा-जब मैंने कहा कि कब तक यूपी के लोग महाराष्ट्र जाएंगे, कब तक दिल्ली जाएंगे और मैंने कहा कि कब तक भीख मांगेंगे। तो बातें हुईं। ये जो नेता है ये टीवी पर आते हैं लेकिन जब दिल्ली में उनकी गाड़ी रुकती है तो बाहर जो भीख मांग रहा होता है उससे ये बात नहीं करते लेकिन मैं करता हूं। जब मैं अपनी गाड़ी का शीशा नीचे कर भिखारी से पूछता हूं कि भैया कहां के हो तो वो कहते हैं यूपी के।
राहुल की ये सफाई उनके विरोधियों को शांत करेगी या उन्हें उनपर हमले की और वजहें देगी ये तो वक्त बताएगा लेकिन साफ है कि राहुल को अपनी भीख पॉलिटिक्स को लेकर किसी तरह का अफसोस नहीं है। इस सभा के दौरान समाजवादी पार्टी के कुछ युवकों ने राहुल को काले झंडे भी दिखाए लेकिन वहां मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनकी खूब धुनाई की। इससे सपा कार्यकर्ता चोटिल भी हुए हैं।
0 comments