निशाने पर वर्तमान कप्तान
अच्छी टीम दिलाती है जीत
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग एवं टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए सहवाग ने कहा कि हम सिर्फ अच्छी कप्तानी की वजह से ही नहीं, बल्कि एक अच्छी टीम की वजह से विश्व कप जीते थे। उन्होंने कहा कि हमने हाल के कुछ सालों में दो विश्व कप जीते हैं। दोनों में जीत की वजह अच्छी टीम थी। भारत ने 2007 में टी-20 और 2011 में वनडे का विश्व कप अपने नाम किया है।
सहवाग ने कहा कि किसी भी कप्तान के पास अच्छी टीम होती है तो वह जीतता है। सहवाग ने 1999, 2003 और 2007 में विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का उदाहरण देते हुए कहा, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने विश्व क्रिकेट पर इतने साल राज किया है। इसकी वजह कप्तानी नहीं थी। ऑस्ट्रेलिया की कामयाबी की वजह उनकी अच्छी टीम थी। सहवाग ने यह बात तब कही जब उनसे पूछा गया था कि धोनी में ऐसी क्या खूबी है कि उन्होंने अपनी कप्तानी में दो विश्व कप जीते।
गौरतलब है कि धोनी और सहवाग के बीच विवाद नया नहीं है। इसी साल फरवरी में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ही धोनी की सहवाग के साथ खटास दुनिया के सामने आ गई थी। धोनी ने टीम के तीन खिलाड़ियों को एक साथ टीम में न रखे जाने की बात पर कहा था कि ये तीनों धीमे फील्डर हैं, लेकिन अगले ही मैच में काम चलाऊ कप्तानी कर रहे सहवाग ने शानदार कैच लपका। मैच के बाद जब उनसे धोनी के बयान के संदर्भ में सवाल पूछा गया कि क्या सहवाग स्लो फील्डर हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, क्या आपने मेरा कैच देखा?
धोनी और सहवाग के बीच मतभेद की खबरें अक्सर आती रहती हैं। यह भी बताया जाता है कि पूरी टीम इंडिया धोनी और सहवाग के खेमों में बंटी हुई है। सहवाग कई बार कप्तान बनाए जाने की इच्छा जता चुके हैं। सूत्रों की मानें तो सहवाग को इस बात का मलाल है कि धोनी से सीनियर होने के बावजूद उन्हें अब तक टीम इंडिया की कप्तानी नहीं मिली।
अच्छी टीम दिलाती है जीत
0 comments