नई दिल्ली: कथित फर्जी कंपनियों से चंदे के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) घिरती नजर आ रही है। 'आप' को चार संदिग्ध कंपनियों से मिले दो करोड़ रुपये के चंदे पर कठघरे में खड़ा करने वाले संगठन आवाम (आप वॉलंटियर्स ऐक्शन मंच) ने मंगलवार को दूसरा बड़ा आरोप लगाया। झुग्गी-झोपड़ियों के पते पर पंजीकृत इन कंपनियों से चंदे में मिली भारी रकम पर 'आप' ने सफाई दी थी कि उसे 50-50 लाख के चार चेक मिले थे और वह इससे ज्यादा नहीं जानती है। 'आप' की इस सफाई के जवाब में 'आवाम' ने दावा किया है कि दरअसल इन चारों कंपनियों का काम ही ब्लैक मनी को वाइट करना है और ये कंपनियां कैश लेकर उतनी रकम का चेक देने का धंधा करती हैं और बदले में अपना कमिशन लेती हैं।
'आवाम' ने अपने दावे के समर्थन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन कंपनियों से मिले एक करोड़ के दो चेक भी दिखाए। हालांकि, आवाम के सदस्यों ने यह दावा किया कि उन्होंने बिना तारीख वाले चेक के लिए कोई पैसे नहीं दिए हैं।

0 comments