GoTvNews
श्रीनिवासन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के कारण खुद चुनाव नहीं लड़ सके। झारखंड क्रिकेट संघ के अमिताभ चौधरी गेावा के चेतन देसाइ को पछाड़कर जॉइंट सेक्रेटरी चुने गए। हरियाणा के अनिरुद्ध चौधरी ने राजीव शुक्ला को हराकर कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा किया। तीन उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, जिनमें से दो पद श्रीनिवासन गुट को गए। टी सी मैथ्यूज (केरल) और सी के खन्ना (दिल्ली) ने चुनाव के जरिए जीत दर्ज की। खन्ना ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया, जबकि मैथ्यूज ने रवि सावंत को मात दी। निर्विरोध चुने गए उपाध्यक्षों में आंध्र के गोकाराजू गंगाराजू (दक्षिण), असम के गौतम राय (पूर्व) और जम्मू कश्मीर के एम एल नेहरू (उत्तर) शामिल हैं।
वरिष्ठ प्रशासक जगमोहन डालमिया का लगभग एक दशक बाद एक बार फिर बीसीसीआई का अध्यक्ष बनना रविवार को ही तय हो गया था। डालमिया एन श्रीनिवासन गुट की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष डालमिया शीर्ष पद के प्रबल दावेदार थे, क्योंकि किसी और नाम पर सर्वसम्मति नहीं बन सकी। अध्यक्ष पद के लिए किसी दूसरे उम्मीदवार ने नामांकन भी नहीं कराया था।
पूर्व अध्यक्ष शरद पवार मैदान में उतरना चाहते थे लेकिन उन्हें पूर्वी क्षेत्र से कोई प्रस्तावक नहीं मिला। इस क्षेत्र की सभी छह यूनिट श्रीनिवासन गुट की समर्थक हैं। बीसीसीआई सूत्रों ने कहा कि इस बार पूर्वी क्षेत्र की बारी थी और डालमिया के पास पूर्व से प्रस्तावक और अनुमोदनकर्ता दोनों थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण श्रीनिवासन मजबूर होकर अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सके। अदालत ने श्रीनिवासन की बीसीसीआई अध्यक्ष और आईपीएल टीम मालिक के तौर पर हितों के टकराव की कड़ी आलोचना की थी।

0 comments