GoTvNews
ताइपे: ताइवान में ट्रांस एशिया का कर्मशियल विमान ATR-72 बुधवार टेक ऑफ करने के कुछ ही देर बाद एक ब्रिज से टकराते हुए नदी में जा गिरा। हादसे में 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, दस से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं। विमान पर कुल 53 लोग सवार थे। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ताइवान सेंट्रल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान ताइपे के कीलंग नदी में क्रैश हुआ है। इसका वीडियो भी सामने आ चुका है। ताइवानी मीडिया के मुताबिक, विमान में कुल 53 लोग सवार थे। यह एक फ्रांस निर्मित ट्विन इंजन प्रोपेलर एयरक्राफ्ट है। स्थानीय समयानुसार तकरीबन 10.55 बजे फ्लाइट कंट्रोलर से विमान का संपर्क टूट गया था।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में फंसे कम से कम 10 लोगों को बचा लिया गया है। ताइवान एविएशन काउंसिल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विमान कीलंग नदी के पास नीचे आ गया। बता दें कि इससे पहले 2014 के जुलाई महीने में ट्रांस एशिया का विमान पेंघू द्वीप पर लैंडिंग के दौरान खराब मौसम के चलते क्रैश कर गया था। उस हादसे में 48 लोगों की मौत हो गई थी। सिर्फ 10 लोग ही जीवित रहे थे।
इसके अलावा, 2014 के दिसंबर महीने के आखिरी हफ्ते में इंडोनेशिया के सुराबाया से सिंगापुर जा रहा एयर एशिया का विमान जावा समुद्र के ऊपर क्रैश कर गया था। हादसे में चालक दल समेत सभी 162 लोग मारे गए।

0 comments